Posts

कहानी (1) :- 'घरौंदा'

*कथा लेखन :- (1)* *घरौंदा* नगर के नामी शाला की प्राथमिक शिक्षिका सरला जिनसे भी मिलती, उनके मन में अपना स्थान बना लेती। सरल, सुंदर युवती 'सरला' यूँ तो अंतर्मुखी लड़की थी किन्तु माता-पिता के साथ भाभी द्वारा किए जा रहें व्यवहार से आहत हो कभी-कभार अपने स्वभाव के विपरीत बहुत कुछ बोल जाती। सरला के मंगेतर रमेश को अक्सर यह शिकायत रहती कि वह जब भी फोन करता वह माता-पिता के लिए चिंतित रहती।  "मम्मी जी, महंगाई बहुत बढ़ गई है। शक्कर और पत्ती के दाम तो आसमान छू रहें हैं, तो आज से आपकी और पिताजी की शाम की चाय बंद... अब आपको केवल सुबह ही चाय मिलेंगी..." भाभी के इन शब्दों ने तो सरला के सब्र के बाँध को तोड़ ही दिया। "भाभी, जबान संभालकर बोलिए। जब आप टू व्हीलर की जगह कार लेकर बाहर जाती है, पार्टी करती है, तब महंगाई की याद नहीं आती?"  "सरला, तुम अपना काम करो। कुछ दिनों की मेहमान हो तो हमारे घर के मामले में अपनी नाक मत घुसाओ। बेटी हो, बेटी को तरह रहो, नहीं तो इन दोनों को अपने ससुराल ले जाना, या कहीं और व्यवस्था करा देना। अब हमसे इनके खर्चे नहीं उठाए जाते।"  भाभी की इन ब...

'बेटी दिल का एक कोना'

*'बेटी दिल का एक कोना'* इतना आसान कहाँ इस दुनिया में तनया होना, बारहा रिक्त रह जाए बेटी दिल का एक कोना! कभी रिश्तों की ओट में तो कभी समाज के नाम, ख़्वाहिशों को ताक पर टाँग दें हर बेटी अभिराम। आसान कहाँ है यारों बेटी-सा त्याग कर पाना, परिणय सुत्र में बंधकर पीहर से विदा हो जाना! सच होने से पहले ही सपने को हृदय में सुलाना, स्पर्श नहीं कर पाए कोई बेटी दिल का वह कोना। प्रेम, स्नेह के संग-संग नित नई नसीहत ओढ़, कितनी बार बढ़े बेटी दोराहे निज इच्छा छोड़।  अपनों की ख़ातिर स्वाधिकारों को अर्पण करना, बिन तिल और चावल ही बेटी का तर्पण करना। आँखों से बहता उसके तपकर पिघलता सोना, बंद तिजोरी-सा रहता बेटी दिल का एक कोना। श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु'  नागपुर, महाराष्ट्र 🙏🙏🙏

प्यारी बहना... 💖

प्यारी बहना... 💖👭👭 हाँ, थोड़ी सख्त 'दी' हूँ मैं... पर दिल में नमीं रखती हूँ। आँखों से डराती रही सदा, पर पलकों पर तुम्हें बिठाती हूँ। हाँ, थोड़ी सख्त ही रही मैं... तुम्हें हर ताप से जो बचाना था। जमीं पर तुम्हारे दायरे बाँधती रही क्योंकि हर उड़ान ऊँची बनानी थी। हाँ, थोड़ी सख्त हूँ अब भी मैं... समय की बर्बादी मुझे पसंद नहीं। देखना चाहती हूँ तुम्हारे ख़्वाब हकीकत बनते, कि अब भी तुमपर पैनी नज़र रखती हूँ। हाँ, थोड़ी सख्त ही रहूँगी मैं... वट-वृक्ष-सी फैली तुम्हारे सिर पर सदा। जलाती धूप को छान शीतलता पहुँचाती, अपनी शाखाओं से निकली जड़ों संग तुम्हें छूती भी रहूँगी। हाँ, मैं सदा सख्त ही रहना चाहती हूँ... कि मेरी सख्ती में तुम्हारा हित है बहना। श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु' 09/05/21 मेरी छोटी बहनों को मातृदिवस की ढेर सारी बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ। 🙏🙏🙏

'न जाने क्यों...'

*न जाने क्यों...* न जाने क्यों यह लग रहा है...  जिंदगी हाथों से निकल रही है! मुट्ठी में बंद रेत की तरह हौले-हौले फिसल रही है! न जाने क्यों मन उदास है... कुछ छूटने का आभास है। वक्त छल रहा छलिए की तरह उर से टूटती हर आस है! न जाने क्यों ख़्वाबों पर पहरे हैं... बेरंग बने मेरे सपने सुनहरे हैं। लौ उम्मीद की बुझती दीये की तरह सहला न पाऊँ कि जख़्म गहरे हैं! न जाने क्यों तम मुझे डराए... रौशनी का कतरा नज़र न आए। सहम जाऊँ भयव्याप्त असहाय की तरह, कैसे मन अंजान संशय से निकल पाए? श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु' नागपुर, महाराष्ट्र  27/04/21

'हँसगुल्ला (1)'

*हँसना जरूरी है...।😀* अब आप मानो या ना मानों... पर हम महिलाओं की थमी हुई उम्र का ही कमाल है कि सरकार को 'कोविड वैक्सीन' के लिए तय उम्र 45 को घटाकर 18 करनी पड़ी।  वरना दुनिया की आधी आबादी तो रह जाती... बिना सुई... ऊई माँ... ऊई...! श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु' 22/04/21

प्रभु प्रार्थना... 🙏🌹🙏

'प्रभु प्रार्थना...' 🙏🌹🙏 कोरोना ने आकर दुनिया में  यूँ  हाहाकार मचाया है, पाषण हृदय वाला मानव भी देखो आज घबराया है! "मास्क जरूरी, दो गज की दूरी" चारों ओर है यहीं नारा, सकल ज्ञान संसार का देखो अतिसूक्ष्म विषाणु से हारा! रोगग्रस्त अपनों को लें परिजन भटक रहें दवाखानों में, जमापूँजी देने को तत्पर नहीं रिक्त पलंग अस्पतालों में! पुस्तकों में पढ़ी कथाओं-सी... महामारी भीषण आई है, अंतिम यात्रा की दुखद विदाई न रुदन न शोक-रुलाई है! हर रिश्तेदार विवश बैठा और पड़ोसी सभी गुमसुम से है, आँखों में नमी संग भय है व्याप्त...हाय! कैसे दुर्दिन ये है! क्षति शरीर की और प्राणों की दिन प्रतिदिन हो रही यहाँ, पर नेताओं के चुनावी रैली... भाषणबाजी में कमी कहाँ! कैसी विडंबना आई प्रभु! अब तुम्हीं तारो हे 'मधु' मुरारी, रोग, समय का चक्र सहित... हर विपदा तुमसे प्रभु हारी! हर विपदा तुमसे प्रभु हारी... ।।2।। श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु' 18/04/21

परीक्षा : तनाव से फैसले तक

' परीक्षा : तनाव से फैसले तक' कोराना से जनता हारी देखो विपदा बहुत बड़ी, त्राहिमाम जनता पुकारे... कैसे सब इससे उबरें? ऊपर से परीक्षा का तनाव बिना स्कूल ही बीता साल रे, परीक्षार्थी असमंजस में..... कैसे होगा अब बेड़ा पार रे! सरकार चेती... बैठक, चर्चा संग हुआ समीक्षा हर पहलू, सीबीएससी दसवीं हो रद्द... आगे बढ़े परीक्षा बारहवीं। है उद्देश एकमात्र यही... भारत का भविष्य सुरक्षित हो, परीक्षाएँ तो प्रतिवर्ष होगी पर घात कहीं न किंचित हो। नमन है देश के मुखिया को.....  नतमस्तक 'मधु' होती है, है लोक-सुरक्षा सर्वोपरि हम उस माटी पर जन्मीं बेटियाँ हैं। श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु' नागपुर, महाराष्ट्र  14/04/21