Posts

'मेरी माँ... मम्मा'

किताबें ज्यादा पढ़ी नहीं पर आँखें मेरी पढ़ लेती है, चादर की लंबाई को बिसरा सुंदर सपने गढ़ लेती है। मेहनत जितनी चाहे कर लूँ... वह चूम थकान मिटा देती है, कोई चाहे बुरा तो फिक्र नहीं उसकी दुआ बला हर लेती है। सफेदी लिए केश में भी... वह सभी से सुंदर नारी है,  छोटी-बड़ी झुर्रियों के आगे हर कोमल काया हारी है। नादान है छोटी बच्ची-सी... मीठी डाँट भी मुझसे सुनती है, अगले ही पल नादानी कर बहानों का ताना-बाना बुनती है। प्रौढ़ावस्था में आकर भी बस... ममता की मूरत लगती है, देखूँ जब छवि भगवती की मुझे 'माँ' की सूरत दिखती है। श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु ' 16/03/21

'बचपन'

बचपन वाला बचपना लौटकर कभी न आए, खट्टी-मीठी याद लिए सीने में कहीं छिप जाए। माँ की लोरी घर की बातें 'मधु' स्मृतियों से झाँके, बहु बनने के बाद कौन... मन बेटी वाला पाए ? श्रीमती माधुरी मिश्रा  19/09/20

'ममता'

कुछ औलाद अपनी माँ को हर बात में झिड़क देते हैंं, माँ फिर भी हर बात में बस उनकी ही खैर मनाती है! श्रीमती माधुरी मिश्रा 15/09/20

हिंदी दिवस

तू अंत है आगाज़ है, तू मौन है आवाज़ है । ममतामयी आँचल है तू, तू गीत है तू साज़ है।।  मदमस्त सी निर्झर है तू, गहरे सागर की लहर है तू। भास्कर सी ओजस्वी है, कभी चाँद सी शीतल है तू।। तू अंतर्मन की अनकही है, सब मिथ्या बस तू सही है। 'मधु' हृदय बसती है तू, 'हिंदी' तेरे बिन हिंद कुछ नहीं है।। श्रीमती माधुरी मिश्रा 14/09/20 #हिंदी_दिवस_की_शुभकामनाएँ 

इंसान

इंसानियत इंसान की पहचान है,   वरना तो यारों कीड़े में भी जान है।   सड़ती-गलती आत्मा जो ढो रहा,   जीवित होकर भी वह मृतक समान है। श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु' 06/09/20

'सच्चाई'

जो तलाशने 'मधु' जहां में सच्चाई निकली,   माँ की आँखों के सिवा हर तरफ़ बस फरेब मिला। श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु' 03/09/20

कोशिश

 'कोशिश' देखा है 'मधु' कोशिशें अक्सर रंग लाती हैं, नन्हीं-सी इक बूँद सागर में बदल जाती है।। एक साल से बंद पड़ा था जो यह ब्लाॅग मेरा, पहली सफल रचना इस बात को सच बताती है।। श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु' 03/08/20