Posts

'गणतंत्र दिवस'

दिनांक      :- 26/01/22 दिन-विशेष :- गणतंत्र दिवस  विधा  :- कविता विषय :- 'गणतंत्र दिवस'  हँसते-हँसाते खुशियाँ लुटाते 'गणतंत्र दिवस' है आया, कोरोना की हर लहर को भूल मेरा हिंददेश मुस्काया। तिहत्तरवीं वर्षगाँठ अबकी चहुँ ओर आनंद है छाया, सावधानी बरत सुरक्षित हुई जनता का हृदय हर्षाया। माना कि बीमारी बहुत बड़ी फिर भी मानस न भूला, गम की बदली से झाँक रहा उम्मीद का नया सवेरा। प्रजातंत्र है देश में अपने मताधिकार वयस्कों ने पाया, अधिकार, सुरक्षा, जिम्मेदारी संग हिंदुस्तान की बदली काया। जाति-धर्म और भेद-भाव सज्जनों ने सबकुछ बिसराया, संविधान के अनुच्छेदों संग समानाधिकार सभी ने पाया। हँसते-हँसाते खुशियाँ लुटाते गणतंत्र दिवस है आया, कोरोना की हर लहर को भूल मेरा हिंददेश मुस्काया। द्वारा :- श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु' नागपुर, महाराष्ट्र 

'अंतर्द्वंद्व'

'अंतर्द्वंद्व' आज फिर दोनों तरफ़ बरसात हो रही हैं... एक आसमान से और एक मेरे भीतर कहीं किसी कोने में...! बरसती बूँदों की टिप्-टिप् ध्वनि मानों मेरे अंतर्मन की अनकही व्यथा के शोर को मुझ तक पहुँचने से रोकना चाहती हैं किन्तु ये नहीं जानती 'कुछ बरसात और कुछ दर्द बिना आवाज़ ही कानों को चुभते रहते हैं...! कोई अन्य ध्वनि इनकी चीखती ख़ामोशियों को न रोक पाती हैं और न ही उद्वेलित हृदय में धैर्य का संचार कर सकती हैं...!' हाँ, आज फिर आसमानी बादल के साथ कुछ टूट रहा है... मेरा मन और हृदय में संजोए कुछ अधूरे ख़्वाब...! ऐ काश! अंतर्मन के इस बिखराव की भी कोई आवाज़ होती...! काश! कि टूटते ख़्वाबों का भी उपचार संभव होता और अवसाद के स्थान पर फिर एक उन्मुक्त हँसी खोज लेती अपना ठिकाना हृदय के रिक्त पड़े उस एक कोने में...! हाँ, काश कि बचपन की वह निश्चल, स्वतंत्र मुस्कुराहट घर कर लेती अधीर अधरों पर पुनः एक बार... और मुस्कुरा उठती 'मधु' आँखें फिर नए सपनों को सजाकर...! सर्वाधिकार सुरक्षित... द्वारा :- श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु' 20/09/21

'ज़िंदगी'

'ज़िंदगी' जन्म से लेकर मृत्यु के बीच है ज़िंदगी, कभी मजबूरी तो कभी तीज है ज़िंदगी। रेगिस्तानी रेत में पानी-सा छलावा है ज़िंदगी, कभी दर्द बेइंतिहा तो कभी मुस्कान है ज़िंदगी। सपनों से मन बहलाती आशाएँ जगाती ज़िंदगी, कभी शीशमहल की तरहा बिखर जाती ज़िंदगी। आँखों में आँसू सजा लबों को हँसाती है ज़िंदगी, कभी सुलझी लच्छी कभी गाँठ बन जाती ज़िंदगी। इक जीवन को कितने रंगों से सजाती है ज़िंदगी, कभी सौतन कभी सहेली 'मधु' बन जाती ज़िंदगी। श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु' नागपुर, महाराष्ट्र 

'पापा'

'पापा' रुढ़िवाद के खिलाफ... वे उदारता की मिसाल थे, बेटी के सपनों के रक्षक हमारे पापा बेमिसाल थे। "दुनिया जो कहती कहने दो तुम नित नई उड़ान भरो", अंधकार भरी राह में भी हमारे पापा जलती मशाल थे। भाग्य भरोसे नहीं रहते किस्मत को देते हुँकार थे, हर घर में हो पिता उन-सा बेटी मन की पुकार थे। निज दुख को भूल मुस्काते जब सम्मुख बेटी के आते थे, हर इच्छा सच में बदलते रहें  हमारे पापा ईश-उपहार थे। दो जोड़ी में वक्त काटते  हमारे लिए हर सुविधा जुटाते, पैदल ही हर दूरी नापते हमारे पापा हमारा अभिमान थे। दूर किया निष्ठुर विधि ने... सर्वस्व लुटाकर वे मौन हुए, अंतिम स्पर्श था चरणों का पापा स्मृति-पटल आसीन थे। ***** श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु' 20/06/21

कहानी (1) :- 'घरौंदा'

*कथा लेखन :- (1)* *घरौंदा* नगर के नामी शाला की प्राथमिक शिक्षिका सरला जिनसे भी मिलती, उनके मन में अपना स्थान बना लेती। सरल, सुंदर युवती 'सरला' यूँ तो अंतर्मुखी लड़की थी किन्तु माता-पिता के साथ भाभी द्वारा किए जा रहें व्यवहार से आहत हो कभी-कभार अपने स्वभाव के विपरीत बहुत कुछ बोल जाती। सरला के मंगेतर रमेश को अक्सर यह शिकायत रहती कि वह जब भी फोन करता वह माता-पिता के लिए चिंतित रहती।  "मम्मी जी, महंगाई बहुत बढ़ गई है। शक्कर और पत्ती के दाम तो आसमान छू रहें हैं, तो आज से आपकी और पिताजी की शाम की चाय बंद... अब आपको केवल सुबह ही चाय मिलेंगी..." भाभी के इन शब्दों ने तो सरला के सब्र के बाँध को तोड़ ही दिया। "भाभी, जबान संभालकर बोलिए। जब आप टू व्हीलर की जगह कार लेकर बाहर जाती है, पार्टी करती है, तब महंगाई की याद नहीं आती?"  "सरला, तुम अपना काम करो। कुछ दिनों की मेहमान हो तो हमारे घर के मामले में अपनी नाक मत घुसाओ। बेटी हो, बेटी को तरह रहो, नहीं तो इन दोनों को अपने ससुराल ले जाना, या कहीं और व्यवस्था करा देना। अब हमसे इनके खर्चे नहीं उठाए जाते।"  भाभी की इन ब...

'बेटी दिल का एक कोना'

*'बेटी दिल का एक कोना'* इतना आसान कहाँ इस दुनिया में तनया होना, बारहा रिक्त रह जाए बेटी दिल का एक कोना! कभी रिश्तों की ओट में तो कभी समाज के नाम, ख़्वाहिशों को ताक पर टाँग दें हर बेटी अभिराम। आसान कहाँ है यारों बेटी-सा त्याग कर पाना, परिणय सुत्र में बंधकर पीहर से विदा हो जाना! सच होने से पहले ही सपने को हृदय में सुलाना, स्पर्श नहीं कर पाए कोई बेटी दिल का वह कोना। प्रेम, स्नेह के संग-संग नित नई नसीहत ओढ़, कितनी बार बढ़े बेटी दोराहे निज इच्छा छोड़।  अपनों की ख़ातिर स्वाधिकारों को अर्पण करना, बिन तिल और चावल ही बेटी का तर्पण करना। आँखों से बहता उसके तपकर पिघलता सोना, बंद तिजोरी-सा रहता बेटी दिल का एक कोना। श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु'  नागपुर, महाराष्ट्र 🙏🙏🙏

प्यारी बहना... 💖

प्यारी बहना... 💖👭👭 हाँ, थोड़ी सख्त 'दी' हूँ मैं... पर दिल में नमीं रखती हूँ। आँखों से डराती रही सदा, पर पलकों पर तुम्हें बिठाती हूँ। हाँ, थोड़ी सख्त ही रही मैं... तुम्हें हर ताप से जो बचाना था। जमीं पर तुम्हारे दायरे बाँधती रही क्योंकि हर उड़ान ऊँची बनानी थी। हाँ, थोड़ी सख्त हूँ अब भी मैं... समय की बर्बादी मुझे पसंद नहीं। देखना चाहती हूँ तुम्हारे ख़्वाब हकीकत बनते, कि अब भी तुमपर पैनी नज़र रखती हूँ। हाँ, थोड़ी सख्त ही रहूँगी मैं... वट-वृक्ष-सी फैली तुम्हारे सिर पर सदा। जलाती धूप को छान शीतलता पहुँचाती, अपनी शाखाओं से निकली जड़ों संग तुम्हें छूती भी रहूँगी। हाँ, मैं सदा सख्त ही रहना चाहती हूँ... कि मेरी सख्ती में तुम्हारा हित है बहना। श्रीमती माधुरी मिश्रा 'मधु' 09/05/21 मेरी छोटी बहनों को मातृदिवस की ढेर सारी बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ। 🙏🙏🙏